Please wait

कोलकातावासियों को बड़ी राहत, निगम बजट में कोई नया कर नहीं, महानगर को बनायेंगे देश का आदर्श शहर : फिरहाद

समय की कमी से मेयर ने पढ़ा अधूरा बजट
 

17 Mar 2023

कोलकातावासियों को बड़ी राहत, निगम बजट में कोई नया कर नहीं, महानगर को बनायेंगे देश का आदर्श शहर : फिरहाद

कोलकाता। कोलकाता नगर निगम में मेयर फिरहाद हकीम ने शुक्रवार को बजट पेश किया। यह बजट 146 करोड़ के घाटे का है। बजट को पेश करते हुए मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि हमलोग खर्च नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। 2022-23 इनकम की लिहाज से 4369.41 करोड़ रुपये बढ़ी जबकि 2023-24 का राजस्व बढ़कर 6089.71 करोड़ हो गया है। मेयर ने बजट भाषण बहुत ज्यादा लम्बा नहीं दिया। 

उन्होंने कहा कि मैं शुरुआत के तीन-चार पन्ने पढ़ देता हूं, बाकी का डिटेल किताब में लिखा हुआ है उसे पढऩा होगा। अपने बजट अभिभाषण के दौरान फिरहाद हकीम ने बताया कि पिछले साल 177 करोड़ घाटे का बजट पेश किया गया था जो अब घटकर 146 करोड़ तक पहुंचा है। कोलकाता नगर निगम ठेका टेनेंसी पॉलिसी के अंतर्गत 15 दिनों में मंजूरी देने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का सपना है कि कोई भी कच्चे मकान (टालीघर) में न रहे, हर किसी का अपना मकान हो। उन्होंने कहा कि 2023-24 में राजस्व में वृद्धि हुई है, यह खुशी की बात है। हमलोगों ने किसी पर भी अतिरिक्त कर थोपने की कोशिश नहीं की है। इसीलिए करों में किसी प्रकार की कोई तब्दिलियां नहीं की गयी है।
उन्होंने कहा कि हालांकि अलीपुर जैसे पॉश इलाके में कर इतना साधारण है जितना एक छोटे से इलाके में है। इसलिए हमलोग अब ग्रेड के अनुसार कर प्रणाली पर विचार कर रहे हैं। हालांकि बहुत जल्द इसे लागू नहीं किया जा रहा है।

फिरहाद हकीम ने कहा कि हॉकरों की पॉलिसी पहले ही बनायी जा चुकी है लेकिन उसे संवारने का काम मेरी जिम्मेदारी है। हॉकर ब्लैक टॉप पर न बैठे, इस बात का पूरा एहतियात रखना होगा। साथ ही उनके दुकानों को टीन से ढकने की जरूरत है क्यों ितिरपाल से बड़ी घटना घट सकती है।

जानकारी देते हुए फिरहाद हकीम ने बताया कि आईटी अपग्रेड करके ऑनलाईन सेवा पर जोर देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अनुप्रेरणा से नगर निगम ऐसी व्यवस्था बहाल कर देगा जिससे किसी को भी निगम की चक्कर लगाने की जरूरत नहीं। वह घर बैठे ही तमाम दस्तावेज ऑनलाईन भेज भी सकता है और दिखा भी सकता है।

पानी का जिक्र करते हुए फिरहाद हकीम ने कहा कि कोलकाता नगर निगम दावे के साथ कह सकता है कि अब दो दिनों तक लगातार कोलकाता में जलजमाव की समस्या नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर बूस्टर पम्पिंग लगाने का काम चल रहा है। वहीं कई जगहों पर लिफ्टिंग पम्पिंग स्टेशन बैठायेंगे जायेंगे जबकि ग्रीन बफर्स वक्र्स सिस्टम भी शुरू किया जा रहा है। जानकारी देते हुए फिरहाद हकीम ने कहा कि निगम की तरफ से बहुत सारे वेलनेस सेन्टर खोले जा रहे हैं जहां डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्यकर्मी के साथ मुफ्त दवाइयां उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने कहा कि पूरे साल डेंगू प्रतिरोधक अभियान चलाया जायेगा। पिछले साल बारिश के समय डेंगू के मामले बढऩे से चिंता बढ़ गयी थी। अब केवल बरसात में ही डेंगू खिलाफ अभियान नहीं चलेगा बल्कि मैंने पार्षदों को अलर्ट किया है कि प्रत्येक सप्ताह वे इस पर मुहल्ले में बैठक करें और इसे निपटने और एहतियात बरतने पर आपस में विचार करें। किसी भी प्रकार की समस्या है तो वह मुझे बता सकते हैं।

मेयर ने बताया कि कोलकाता नगर निगम इलाके में इंगलिश मॉडल स्कूल खोले जायेंगे। इसका बारे में और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि निगम का कर्मचारी हो या अधिकारी सभी के बच्चे प्राइवेट स्कूलों में पढऩे को जाते हैं। हमलोग ऐसा इंगलिश मॉडल स्कूल की परिकल्पना कर रहे हैं जहां लाईन लगाकर अभिभावक बच्चों को स्कूल में दाखिला दिला सकेंगे। 
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मैं तो अपनी नातिन को सरकारी स्कूल में दाखिला दिलवा दूं लेकिन मेरे ही विभाग के दूसरे कर्मचारी और अधिकारी प्राइवेट स्कूल की तरफ रुझान करते हैं। यह सोच खत्म करने के लिए ही नगर निगम अब मॉडल इंगलिश स्कूल बनाने जा रही है।

हमें इम्बार्गो की जरूरत नहीं: मेयर

कोलकाता नगर निगम का नियम और इतिहास कहता है कि कोई भी बजट इम्बार्गो यानि व्यवसायिक निषेधाज्ञा के बिना पेश नहीं किया जा सकता। लेकिन शुक्रवार को जब मेयर फिरहाद हकीम बजट पेश कर रहे थे तो उन्होंने इम्बार्गो का कोई जिक्र नहीं किया। यह लगातार दूसरी बार ऐसा हुआ है। पूछे जाने पर फिरहाद हकीम ने कहा कि हमें इम्बार्गो की जरूरत नहीं।

कोलकाता को बनायेंगे आधुनिक ग्रीन सिटी

फिरहाद हकीम ने कहा कि प्रदूषण के मामले में कोलकाता का नम्बर दिल्ली के बाद आता है। लेकिन अब इसे आधुनिक ग्रीन सिटी बनाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। हमलोग कोलकाता की सड़कों पर पेड़ लगायेंगे और साल भर के भीतर वह पेड़ बड़े होकर कोलकाता को हरा-भरा बनाने में मददगार साबित होंगे। मेयर ने बताया कि कोलकाता को ऐसा आदर्श शहर बनायेंगे जो पूरे देश और दुनिया के लिए एक नजीर की तरह बनेगा। हमलोग कोलकाता को हरियाली पूर्ण बनाने का हरसंभव प्रयास करेंगे और नगरवासियों से भी अनुरोध है कि वे हमारा दोनों हाथ से सहयोग करें।

एडेड एरिया में अप्रयोजनीय कोटा सिस्टम खत्म

मेयर फिरहाद हकीम ने बजट के दौरान विशेष ऐलान करते हुए कहा कि नगर निगम के अंतर्गत एडेड एरिया वाले वार्डों में बहुत सारी धनराशियां बेफिजूल आबंटित हो रही थी और खर्च हो रही थी। हमलोगों ने विशेष प्रस्ताव लाने के बाद तय किया है कि एडेड एरिया में अप्रयोजनीय कोटा सिस्टम खत्म किया जाता है। अब उन एडेड एरिया वाले वार्डों में भी साधारण वार्ड की तरह राशियां आबंटित होंगे और खर्च किये जायेंगे।

विज्ञापन का टार्गेट 500 करोड़़

मेयर फिरहाद हकीम ने बजट के दौरान बताया कि विज्ञापन का टार्गेट मैंने स्वयं अपने स्तर पर तय किया है। नगर निगम में विज्ञापन वसूली का काम सुस्त पड़ा हुआ है जिसके वजह से राजस्व में घाटा हो रहा है। मैंने खुद तय किया है कि नगर निगम अब 500 करोड़ रुपये के विज्ञापन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि इस बात को बोलने में कोई गुरज नहीं कि निगम के आधिकारिक क्षेत्रों में इनफार्मेशन और कल्चर डिपार्टमेंट और पुलिस के नाम पर कई सारे होर्डिंग्स लगा दिये जाते हैं जिसका राजस्व निगम को नहीं मिल पाता है। इसका भी विभागीय जांच करेंगे। जरूरत पडऩे पर पुलिस से बात की जायेगी। निगम को विज्ञापन का कर देने के बाद ही कोई भी होर्डिंग रास्तों पर दिखेंगे अन्यथा हमलोग कार्रवाई करने पर मजबूर होंगे।

अब लगातार दो दिनों तक कोलकाता में नहीं होगा जलजमाव

मेयर फिरहाद हकीम ने बताया कि कोलकाता में जलजमाव की समस्या बहुत पुरानी है। लेकिन बहुत हद तक हमलोगों ने इस पर काबू पा लिया है। बहुत सारे लिफ्टिंग पम्प की मदद से हमलोग दावे के साथ कह सकते हैं कि महानगर में अब लगातार दो दिनों तक जल जमाव नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि एक समय था जब तत्कालीन मेयर नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जल जमाव से दुखी होकर निगम से ठनठनिया तक पैदल चले थे। मैंने भी इस बात को चुनौती के तौर पर ली है कि चाहे कुछ भी करना पड़े लेकिन अब लगातार दो दिनों तक कोलकाता में जल जमाव नहीं होने दूंगा।

अधूरा बजट पढऩा अशोभनीय : संतोष पाठक

कांग्रेस पार्षद संतोष पाठक ने भी बजट को नीरस करार दिया है। उन्होंने कहा कि मेयर फिरहाद हकीम ने अधूरा बजट पेश करके एक रिकार्ड स्थापित कर दिया। क्योंकि नगर निगम के इतिहास में पहली बार किसी मेयर ने अधूरा बजट पढ़ा है। उन्होंने कहा कि जितनी भी देर उन्होंने बजट पढ़ा वह बिलकुल काम का नहीं था। जो बजट घाटे का हो उसके बारे में चर्चा करके क्या फायदा। छोटे से छोटा काम कराने के लिये भी अगर किसी वार्ड का एक आम आदमी निगम के इंजीनियर या अधिकारी या कर्मचारी को बताता है तो वह यही कहते हैं कि हमारे पास स्टाक नहीं है। अब जिस निगम के पास स्टाक नहीं है उसके बजट पर चर्चा करके क्या लाभ।

कर्ज लिये जा, घी पीये जा... : विजय ओझा

भाजपा ने बजट की कड़ी निंदा की है। पार्षद विजय ओझा ने कहा है ''कर्ज लिये जा, घी पीये जाÓÓ। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से घाटे का बजट पेश किया गया है ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे यह कोई बहुत बड़ी फख्र की बात हो। विजय ओझा ने कहा कि यह बजट नाकामी का सबूत है। सुब्रत मुखर्जी जब कोलकाता के मेयर थे उस वक्त आखिरी बार कोलकाता का बजट फायदे का रहा था लेकिन उसके बाद से किसी भी मेयर में यह बूता नहीं हुआ कि निगम को फायदे का बजट दिला सके।
 

Ad Image
Comments

No comments to show. Log in to add some!

Other Relevant Stories







Download The Taaza Tv App Now to Stay Updated on the Latest News!


play store download
app store download
app img


Breaking News